कानपुर देहात में दिशा की बैठक के दौरान भाजपा के दो गुटों में जोरदार बहस हो गई। यह विवाद सांसद देवेंद्र सिंह भोले और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति एवं पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी के बीच हुआ। जिसके चलते बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा। बहस इस कदर बढ़ गई कि दोनों नेताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद डीएम और एसपी ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं इस दौरान भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा अगर गुंडों की बात की जाएगी, तो मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। मैं कानपुर देहात का सबसे बड़ा हिस्ट्रीशीटर हूं। वहीं, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद ने दिशा समिति में ऐसे लोगों को शामिल किया है, जो आम लोगों को टारगेट करते हैं, उनका अपमान करते हैं और झूठे मुकदमे लगाते हैं। ये लोग फैक्ट्री मालिकों से भी वसूली करते हैं। वहीं बैठक में मौजूद सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बब्लू राजा ने कहा, दो इंजन आपस में भिड़ रहे हैं। जो लोग दूसरों को गुंडों की सरकार कहते थे, वे खुद लड़ रहे हैं। ऐसे में विकास क्या कराएंगे।
बैठक में मुझे ‘गुंडा’ कहा गया- देवेंद्र सिंह
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि पूर्व सांसद हर बार चुनाव से पहले इस तरह विवाद खड़ा करते हैं और अधिकारियों को निशाना बनाते हैं। बैठक में मुझे ‘गुंडा’ कहा गया। मैं पिछले 50 साल से राजनीति कर रहा हूं। ये लोग जिले का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
आप विकास दुबे के भाई को साथ लेकर घूम सकते हैं। जिसने संतोष शुक्ला की हत्या की थी और फिर दूसरों को गुंडा कहते हैं। आप खुद शासन से कहते हैं कि आपके पास फाइलें नहीं आतीं, तो फिर मंत्री बने ही क्यों हैं। अगर गुंडों की बात की जाएगी तो मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। मैं कानपुर देहात का सबसे बड़ा हिस्ट्रीशीटर हूं।

Recent Comments