कानपुर।
कानपुर में एक रईस कारोबारी के बेटे की तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी ने सड़क पर कहर बरपा दिया। हादसे में 6 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि बुलेट सवार युवक टक्कर के बाद करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी कार बुलेट के ऊपर ही चढ़ गई।
घटना ग्वालटोली थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। भीड़ को देखकर आरोपी युवक कार के अंदर ही दुबक गया, जबकि उसके बाउंसरों ने लोगों से धक्का-मुक्की और बदसलूकी शुरू कर दी।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा दोपहर करीब 3:15 बजे VIP रोड पर लेम्बोर्गिनी कार चला रहा था। रेव-3 के पास कार अनियंत्रित हो गई और पहले एक ऑटो को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों और पैदल लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई।
इसी दौरान एक बुलेट सवार को जोरदार टक्कर लगी, जिससे वह 10 फीट दूर उछलकर गिर पड़ा। इसके बाद कार बुलेट के अगले पहिए पर चढ़ गई।
भीड़ ने घेरा, पुलिस ने थाने पहुंचाई कार
हादसे की सूचना मिलते ही ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कारोबारी के बेटे को भीड़ से सुरक्षित निकाला और घायलों को निजी अस्पताल भिजवाया। लेम्बोर्गिनी कार को थाने ले जाया गया।
कार को थाने के भीतर काले कवर से ढक दिया गया, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
थाने में भी बवाल, बाउंसरों पर बदसलूकी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि थाने में भी कारोबारी के बाउंसरों ने उनके साथ अभद्रता की। इसी बात को लेकर थाने में जमकर हंगामा हुआ। लोगों का कहना है कि आरोपी रसूखदार परिवार से है, इसलिए पुलिस दबाव में काम कर रही है।
पीड़ित बोले—समझौते का दबाव बना रही पुलिस
घायलों का आरोप है कि पुलिस आरोपी को छोड़ चुकी है और जबरन समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। देर शाम तक शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
पीड़ित सोनू त्रिपाठी ने बताया,
“मैं और मेरे मामा का बेटा विशाल बुलेट से आए थे। हम दुकान पर खड़े थे तभी लेम्बोर्गिनी ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और फिर हमारी बुलेट को कुचल दिया। विशाल दूर जा गिरा। दो और युवक 10 फीट दूर उछलकर फुटपाथ पर गिरे। सभी को अस्पताल भेजा गया।”
लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर पहले भी चर्चा में रहा आरोपी
बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा लग्जरी कारों का शौकीन है। उसके पास कई महंगी कारें हैं। बेटे के बर्थडे सेलिब्रेशन में उसने बॉलीवुड कलाकारों को बुलाकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे, जिसके बाद वह आयकर विभाग के रडार पर भी आ चुका है।
DCP का बयान
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया,
“हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों का इलाज कराया गया है। पीड़ितों से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।”

Recent Comments