प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के सिविल लाइंस इलाके में बीती रात पत्रकार एलएन सिंह की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने पत्रकार हत्याकांड में शामिल एक आरोपी विशाल को घटना के दो घंटे बाद ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।
कानून व्यवस्था पर सपा ने उठाए सवाल
वहीं इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। Samajwadi Party Media Cell इस घटना को लेकर एस्स पर पोस्ट कर कहा उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है, प्रयागराज में हाई कोर्ट बार की पूर्व अध्यक्ष के भतीजे एवं पत्रकार की हत्या उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की वर्तमान स्थिति दर्शा रही है। पार्टी ने कहा कि लगातार होते अपराध और हत्याएं भाजपा सरकार और इस सरकार के मुख्य महोदय के बयानों एवं दावों की पोल खोल रहे हैं, कानून व्यवस्था पिछले साढ़े 8 साल से खत्म है, अपराधियों का राज है, कानून व्यवस्था बेकार है। पुलिस, अपराधी और भाजपाइयों का आपसी गिरोह बन चुका है, यह गिरोह ही सारे अपराध कर और करवा रहा है।
मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
आप को बता दें कि पत्रकार की हत्या में शामिल आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त विशाल के दोनों पैर में तीन गोली लगी है, जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था अजय पाल शर्मा ने बताया कि आरोपियों से 22 अक्टूबर को किसी बात को लेकर मृतक से कहासुनी हुई थी, आशंका है कि उसी खुन्नस में हत्या को अंजाम दिया गया है। हालांकि अभी इस घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त की तलाश जारी है। साथ ही दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई- एडिशनल सीपी
एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था अजय पाल शर्मा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने 22 अक्टूबर को मृतक से विवाद के बाद मछली बाजार से चाकू लाया, जिससे पत्रकार की निर्मम हत्या कारित की। अजय पाल शर्मा ने साफ किया है कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। मृतक परिवार को हर संभव जरूरी मदद भी की जाएगी।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि एलएन सिंह (50) प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के अल्कापुरी कालोनी के निवासी थे। वह पिछले कई वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े थे। बीती रात करीब 10.30 बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के धरना स्थल के पास एलएन सिंह बैठे हुए थे। तभी दो युवक मौके पर चापड़ लेकर पहुंचे और एलएन सिंह पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला बोल दिया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल एलएन सिंह को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक पत्रकार एलएन सिंह के चाचा अशोक इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता हैं। घटना की सूचना के बाद अशोक सिंह भी अस्पताल पहुंचे, उन्होंने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Recent Comments