कानपुर। शहर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित राम गंगा एनक्लेव से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। महज़ तीन महीने पहले सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाने वाले पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है, जिसने तीन महीने पहले सौरभ दुबे उर्फ शोएब से प्रेम विवाह किया था। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे और शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह रिश्ता इतनी दर्दनाक परिणति तक पहुँचेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पनकी पुलिस मौके पर पहुँची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम और एडीसीपी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पति सौरभ दुबे उर्फ शोएब घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि आखिर शादी के महज़ तीन महीने के भीतर ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुँच गया।
फिलहाल पुलिस आपसी विवाद, पारिवारिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम विवाह के बाद सामने आ रहे घरेलू हिंसा के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Recent Comments