कानपुर। यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे पंकज चौधरी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बुधवार को कानपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालकर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो के दौरान जगह-जगह फूलों की बारिश, माल्यार्पण, स्वागत मंच और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
हालांकि, इस बड़े आयोजन के बीच जाजमऊ में स्वागत मंच पर बैनर लगाने को लेकर भाजपाई आपस में भिड़ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया।
जाजमऊ से यूनिवर्सिटी तक निकला रोड शो
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का रोड शो जाजमऊ से शुरू होकर लाल बंगला, कैंट, नरोना चौराहा, परेड, चुन्नीगंज, बजरिया, रामबाग, रावतपुर होते हुए सीएसजेएम यूनिवर्सिटी तक पहुंचा।
पूरे मार्ग पर सड़क के दोनों ओर होर्डिंग, पोस्टर और भाजपा के झंडे लगाए गए थे। हजारों कार्यकर्ता हाथों में पताका लेकर नारेबाजी करते नजर आए।
बुलडोजर, क्रेन और ड्रोन से हुआ स्वागत
रोड शो के दौरान पंकज चौधरी का स्वागत “जल, थल और वायु” तीनों माध्यमों से किया गया।
कई जगह कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर चढ़कर फूल बरसाए, वहीं कुछ स्थानों पर क्रेन से माला पहनाई गई। पार्टी की ओर से ड्रोन के जरिए पुष्प वर्षा की भी तैयारी की गई थी, जिससे पूरा कार्यक्रम चर्चा का विषय बना रहा।
गदा भेंट कर किया सम्मानित, गंगा में नाव पर भी हुए सवार
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को गदा भेंट कर सम्मानित किया। खास बात यह रही कि वे गंगा नदी में नाव पर भी सवार हुए, जहां मछुआरों के साथ उन्होंने भगवा रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बैनर विवाद को लेकर भिड़े कार्यकर्ता
रोड शो के दौरान जाजमऊ में बनाए गए मंच पर स्वागत बैनर को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मंच पर पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का बैनर लगाया गया था, लेकिन बाद में उसके ऊपर विधायक महेश त्रिवेदी का बैनर लगा दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि पार्टी पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने बताया स्वागत का प्लान
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत विशेष रणनीति के तहत किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में जल, थल और वायु तीनों माध्यमों से स्वागत की व्यवस्था की गई, वहीं रोड शो के दौरान 50 से ज्यादा स्थानों पर कार्यकर्ताओं और संगठनों ने स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद
रोड शो के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कानपुर के कार्यकर्ताओं और जनता ने बहुत गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया है। उन्होंने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया।
✅ रिपोर्ट: अभय त्रिपाठी

Recent Comments