कानपुर : उत्तर प्रदेश में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना को नई दिशा देने के उद्देश्य से पुनर्नवा फाउंडेशन ने आज ‘हम हैं स्वदेशी संकल्प अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर अभियान का आरंभ कराया।

आत्मनिर्भर भारत की ओर एक सशक्त कदम
फाउंडेशन की संस्थापक मनीषा बाजपेई ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित होकर यह अभियान तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य देश में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्योगों को मजबूती प्रदान करना और नागरिकों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। मनीषा बाजपेई ने कहा “हम यह अभियान प्रदेश के हर जिले में सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, डॉक्टरों, वकीलों और व्यवसायियों की मदद से पहुँचाएंगे। लोग QR कोड, मिस्ड कॉल और लिंक के माध्यम से ‘हम हैं स्वदेशी’ का संकल्प लेकर संकल्प साथी बन सकेंगे।
सैकड़ों लोग बने स्वदेशी ब्रांड एम्बेसडर
अभियान के आरंभिक चरण में ही बड़े पैमाने पर उत्साह देखने को मिला है। इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट 311 और अखिल भारतवर्षीय महेश्वरी महिला संगठन ने अभियान में सहभागिता की घोषणा की है।
अयोध्या, अलीगढ़, बरेली, बागपत, बदायूं, सोनभद्र, बलिया, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत, संतकबीरनगर, शाहजहांपुर, झांसी, मुरादाबाद, संभल सहित अनेक जिलों से लोग ‘स्वदेशी ब्रांड एम्बेसडर’ बन चुके हैं।
ये एम्बेसडर अपने जिलों में डिजिटल और फिजिकल दोनों माध्यमों से नागरिकों को स्वदेशी संकल्प दिलाएंगे।

सामाजिक सहयोग से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत—प्रकाश पाल
मुख्य अतिथि प्रकाश पाल ने अपने संबोधन में कहा “जब सामाजिक संस्थाएं स्वदेशी के प्रति जिम्मेदारी समझकर आगे आएंगी, तभी देश सशक्त बनेगा। यह अभियान विकसित भारत की ओर बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, और जनता की सहभागिता इसे जनांदोलन का रूप देगी।”
प्रख्यात हस्तियों ने भेजे वीडियो संदेश
अभियान को समर्थन देने के लिए पद्मश्री सुनील जोगी, वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री, प्रसिद्ध गायक अभिजीत घोषाल, अनु अवस्थी, कवि सुरेश अवस्थी, और लोकगायिका उपमा पांडेय ने वीडियो संदेश भेजकर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। मनीषा बाजपेई ने सभी का आभार व्यक्त किया।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति से कार्यक्रम रहा भव्य
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा. प्रज्ञा उपाध्याय, उदिता शर्मा (संरक्षक–वंदे भारत शाखा), मंजू बांगड़ (राष्ट्रीय अध्यक्ष–अखिल भारतवर्षीय महेश्वरी महिला संगठन), सीए दिनेश शुक्ला, ज्योत्सना मिश्रा, अन्नू अवस्थी, नारायण गौर, शिव उपाध्याय, प्रणवीर सिंह, रणविजय सिंह, प्रशांत बाजपेई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments