कानपुर-नारी सशक्तिकरण को समर्पित “परिवर्तन प्रगति स्तंभ” का आज गंगा बैराज पर माननीय विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया। यह शिल्पकृति महिला सशक्तिकरण की भावना, नारी की सामाजिक भूमिका और उसके विकास की यात्रा का सशक्त प्रतीक है।
यह सुंदर एवं भावनात्मक शिल्पकृति प्रसिद्ध कलाकार राघव त्रिपाठी द्वारा निर्मित की गई है, जिसे कानपुर परिवर्तन फ़ोरम द्वारा प्रायोजित किया गया है।
परिवर्तन फ़ोरम के अनूप कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह शिल्प स्तंभ समाज में नारी की दो अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिकाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।

शिल्प के शहर की ओर मुख किए भाग में एक माँ को अपनी नवजात कन्या को गोद में लिए दर्शाया गया है, जो स्नेह, संस्कार, संरक्षण और नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। वहीं गंगा बैराज की ओर मुख किए भाग में वही कन्या एक सशक्त, आत्मविश्वासी और परिपक्व युवती के रूप में चित्रित है, जो जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्णतः सक्षम और तैयार दिखाई देती है।
परिवर्तन के प्रमुख अनिल गुप्ता ने कहा कि यह शिल्प नारी के जन्म से लेकर सशक्त बनने तक की संपूर्ण यात्रा को दर्शाता है। यह समाज को प्रगति, सम्मान, समान अवसर और महिला सशक्तिकरण का स्पष्ट संदेश देता है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से आर. के. तिवारी, संदीप मिश्रा, राजेश ग्रोवर, रीता सिंह, राजेश श्रीवास्तव, अरविन्द कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने इस शिल्पकृति को न केवल कला का उत्कृष्ट उदाहरण बताया, बल्कि इसे समाज में सकारात्मक बदलाव और नारी सम्मान की प्रेरणा देने वाला प्रतीक भी कहा।

Recent Comments